खोरी विस्थापित 76 पात्रों को मिले ईडब्ल्यूएस फ्लैट

नगर निगम ने दूसरी सूची के पात्रों को भी फ्लैट आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार को निगम मुख्यालय स्थित सभागार में पात्रों का ड्रॉ निकाला गया। इस दौरान 245 पात्रों के बीच ड्रॉ निकाला गया। इसमें 76 पात्रों को फ्लैट मिले हैं। दो-तीन दिन में उन्हें फ्लैट का कब्जा पत्र दे दिया जाएगा। फ्लैट का कब्जा मिलने तक इन पात्रों को भत्ता दिया जाएगा।

फ्लैट का ड्रॉ निगम मुख्यालय स्थित बीके चौक पर निकाला गया। ड्रॉ बच्चों के हाथों से निकाला गया। निगम के अधिकारी, कर्मचारी व पात्र मौजूद रहे। निगमायुक्त अजय कुमार ने बताया कि निगम ने दूसरी सूची में शामिल 245 पात्रों का ड्रॉ कराया। इनमें से 76 पात्रों का चयन हुआ है। उन्हें फ्लैट अलॉट किए गए हैं। दो-तीन दिन में इन्हें फ्लैट का कब्जा पत्र दे दिया जाएगा। फिलहाल इन्हें भत्ता दिया जाएगा।

फ्लैट पहले से तैयार हैं। आवंटन से पूर्व निगम ने इनकी मरम्मत कराई है। आवंटी को फ्लैट का कब्जा लेने से पहले 10 हजार रुपये जमा करने होंगे। फ्लैट की कीमत 3,77,500 रुपये है। जिसकी मासिक ईएमआई 1950 रुपये होगी। इसके अलावा पानी, बिजली, सीवर आदि का बिल आवंटियों को अलग से देना होगा।

नगर निगम ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर खोरी गांव में अवैध निर्माण तोड़ा था। इसके बाद से विस्थापितों को फ्लैट आवंटित किए जा रहे हैं। पात्र परिवारों को मकान टूटने से लेकर पुनर्वास होने तक भत्ता दिया जा रहा है। अभी तक इन पात्रों को 2000 रुपये मासिक भत्ता मिल रहा था। अब फ्लैट का कब्जा मिलने के बाद भत्ता बंद कर दिया जाएगा।


स्रोत/क्रेडिट